अयोध्या को दान को लेकर बदनाम न करो : श्री चित्रगुप्त जी महाराज समाज पार्टी

Alok Verma, Jaunpur Bueauro,

अयोध्या को दान को लेकर बदनाम न करो : श्री चित्रगुप्त जी महाराज समाज पार्टी

लखनऊ। श्री चित्रगुप्त जी महाराज समाज पार्टी ने हिन्दुओं की आस्था से जुड़े विषयों पर गंभीरता और संवेदनशीलता बरतने की अपील की है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेश श्रीवास्तव ने अयोध्या में प्राप्त दान को लेकर प्रसारित हो रही विभिन्न खबरों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का केंद्र है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी समाज में भ्रम और अविश्वास की स्थिति पैदा कर सकती है।

उन्होंने कहा कि यदि दान, प्रबंधन अथवा वित्तीय पारदर्शिता को लेकर कोई प्रश्न उठते हैं तो उनका समाधान तथ्यों, दस्तावेजों और सक्षम जांच के आधार पर किया जाना चाहिए। सरकार तथा संबंधित संस्थाओं को चाहिए कि वे समय-समय पर दान की प्राप्ति, उपयोग और लेखा-जोखा संबंधी सूचनाएं सार्वजनिक करें ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत हो।

श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी धार्मिक संस्था के संबंध में आरोप-प्रत्यारोप से पहले सत्यापन आवश्यक है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इसके साथ-साथ धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने मीडिया और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस विषय पर जिम्मेदारी के साथ तथ्यात्मक जानकारी ही जनता के समक्ष रखें।

पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि कहीं कोई अनियमितता है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन बिना प्रमाण पूरे अयोध्या या श्रीराम मंदिर से जुड़े दान को संदेह के दायरे में खड़ा करना उचित नहीं है। इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *