ब्यूरो,
अपने ही शहर में रास्ता भटक गया रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का काफिला
लखनऊ यातायात का हाल : अपने ही शहर में रास्ता भटक गया रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का काफिला, जाना था कहीं और पहुंच गये टेढ़ी पुलिया
लखनऊ। रक्षा मंत्री Rajnath Singh का काफिला शुक्रवार शाम लखनऊ में निर्धारित मार्ग से भटक गया, जिससे सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि सतर्कता दिखाते हुए अधिकारियों ने तत्काल स्थिति को संभाल लिया और काफिले को तय रूट पर वापस लाया गया।
जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे जगद्गुरु Ramabhadracharya की श्रीराम कथा में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। निर्धारित रूट के तहत काफिले को मड़ियांव ओवरब्रिज से उतरकर इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा पार करते हुए फ्लाईओवर पर चढ़ना था। लेकिन काफिले के आगे चल रहे वाहन की चूक के कारण पूरा काफिला निर्धारित मार्ग से हटकर टेढ़ी पुलिया की ओर पहुंच गया।
उधर, रक्षा मंत्री के आवागमन को देखते हुए मुंशी पुलिया की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन पहले ही रोक दिया गया था। ऐसे में वीवीआईपी काफिले के अचानक टेढ़ी पुलिया पहुंचने की सूचना मिलते ही सुरक्षा एवं प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया और सभी ने यातायात महकमें की शिथिलता पर रोष जताया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की। चौराहे पर लगाई गई बैरिकेडिंग हटाकर काफिले को वापस इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे की ओर मोड़ा गया। इसके बाद काफिले को निर्धारित मार्ग पर लाकर फ्लाईओवर के रास्ते आगे रवाना किया गया। घटना के दौरान कुछ मिनटों तक यातायात प्रभावित रहा, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता से व्यवस्था जल्द ही सामान्य कर दी गई। इस घटनाक्रम को लेकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था व रूट प्रबंधन पर भी सवाल उठने लगे हैं।