ब्यूरो,
मौसम विभाग का गर्मी को लेकर बड़ा खुलासा, इस विक्षोभ ने सबकुछ बदला दिया; 21 जिलों में आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार को एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ। इसके असर से पूर्वी और पश्चिमी संभागों के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ कहीं मध्यम तो कही हल्की बारिश हुई। गोरखपुर में सर्वाधिक 21.7 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं बाराबंकी, सीतापुर, प्रयागराज, मेरठ, अलीगढ आदि में हल्की बूंदाबांदी हुई।
इस कमजोर विक्षोभ के असर से प्रदेश भर में तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं आई। शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 जिलों में आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 42 जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बूंदे पड़ने की संभावना जताई गई है।
बांदा 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी में 42 डिग्री, झांसी में 41.9 डिग्री और बहराइच में 40.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार नए विक्षोभ के असर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भी आंधी और छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना फिलहाल नहीं है।
इन जिलों में आंधी का ऑरेंज अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर।