तीन दिन से अंधेरे में सिटी स्टेशन, अहमद खां मंडी, उमरपुर हरिवंधनपुर, सद्भावना कालोनी व रामाश्रम कालोनी,पीने के पानी का भी संकट गहराया

आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

तीन दिन से अंधेरे में है सिटी स्टेशन, अहमद खां मंडी, उमरपुर हरिवंधनपुर, सद्भावना कालोनी व रामाश्रम कालोनी,पीने के पानी का भी संकट गहराया

जौनपुर। भीषण गर्मी से त्रस्त जनता बिजली की आंखमिचौली से बुरी तरह परेशान हो गई है। नईगंज क्षेत्र के सिटी स्टेशन, अहमद खां मंडी, उमरपुर हरिवंधनपुर, सद्भावना कालोनी, रामाश्रम कालोनी आदि क्षेत्रों में तीन दिन से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रातभर बिजली गायब रहती है और यदि आती भी है तो कुछ ही देर बाद फिर कट जाती है। लगातार हो रही कटौती से लोगों के सामने पेयजल संकट भी गहरा गया है। घरों में लगे इनवर्टर जवाब दे चुके हैं और छोटे बच्चे, बुजुर्ग तथा मरीज सबसे अधिक परेशान हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को बार-बार शिकायत देने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। बिजली विभाग के एसडीओ विनोद कुमार और अधिशासी अभियंता शहर की कार्यशैली को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब नवागत जिलाधिकारी Samuel Paul ने स्वयं बिजली आपूर्ति और लोकल फॉल्ट को लेकर युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं, तब भी जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि आखिर एसडीओ और अधिशासी अभियंता किस बड़ी घटना का इंतजार कर रहे हैं। भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रातभर लोग छतों और गलियों में जागकर समय बिताने को मजबूर हैं। व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है तो वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है।

स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा नईगंज क्षेत्र में तत्काल निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि जनता को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *