आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

बदलापुर महोत्सव एक नवंबर से, संस्कृति का होगा संगम
जौनपुर । एक नवंबर से शुरू हो रहे तीन दिवसीय बदलापुर महोत्सव की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। इस बार महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सात सौ जोड़ों के विवाह से होगा। इसके साथ ही लोक संस्कृति, कला और साहित्य की झलक पूरे परिसर में दिखाई देगी।
कार्यक्रम के आयोजक व स्थानीय विधायक रमेश मिश्रा ने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज के मैदान में होगा। पहले दिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत लगभग 700 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद स्थानीय और देशभर के नामचीन कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से महोत्सव की शान बढ़ाएंगे।
विधायक रमेश मिश्रा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य हमारी पुरातन लोक संस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण कला को मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में पुरुषों की लंबी मूंछ, सीखा,महिलाओं की लंबी-छोटी और जुड़ा प्रतियोगिता जैसे पारंपरिक मुकाबले होंगे, जो अब लगभग विलुप्त हो चुके हैं। इन प्रतियोगिताओं को पुनर्जीवित करने के लिए विशेष मंच तैयार किया गया है। विजेताओं को सोलर लाइट सहित आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसके अलावा कुश्ती दंगल और चित्रकला प्रदर्शनी भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होंगी। यहां परंपरागत खेलों और लोक कलाओं के प्रदर्शन से ग्रामीण परिवेश की झलक मिलेगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सनातन संस्कृति की प्रसिद्ध गायिका शहनाज अख्तर, भोजपुरी फिल्म जगत के स्टार दंपत्ति मनोहर सिंह और अलका पहाड़िया, पपेट शो स्टार जानी जोजो, लोक गायिकाएं करीना पांडेय व शोविता पांडेय तथा गायक राहुल मिश्रा मंच पर प्रस्तुति देंगे।
विधायक रमेश मिश्रा ने कहा कि महोत्सव केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़ने का संदेश है। युवाओं में लोक संस्कृति के प्रति रुचि जगाने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का यह मंच बनेगा।
प्रशासन ने महोत्सव के दौरान सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और यातायात के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। तीनों दिन बदलापुर सांस्कृतिक उल्लास और लोक गीतों की धुनों से गूंजता रहेगा।