ब्यूरो,
रायबरेली जाने से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय हाउस अरेस्ट
हरिओम वाल्मीकि कांड: रायबरेली जाने से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय हाउस अरेस्ट, फतेहपुर जाते वक्त पुलिस ने किया हिरासत में
लखनऊ। रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की मॉब लिंचिंग के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को शनिवार को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। अजय राय, हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मिलने फतेहपुर होते हुए रायबरेली जाने वाले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कांग्रेस दफ्तर पर ही रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, अजय राय के फतेहपुर जाने पर जोर देने के बाद पुलिस ने उन्हें और कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं को बाद में पुलिस लाइन ले जाया गया। इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी हरिओम वाल्मीकि की हत्या को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा था, जिसके बाद प्रदेश भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी।
पार्टी की ओर से कहा गया है कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है और यह कदम लोकतंत्र के खिलाफ है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।”