आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,
साल्वेशन फाउंडेशन ने पेश की ‘कंट्रीब्यूटी हेल्थ स्कीम’
पूर्व सैनिक परिवारों के लिए इलाज की सुविधा का शुभारंभ
जौनपुर। बुधवार को लखनऊ फोरलेन किनारे स्थित कन्धरपुर गांव में स्वास्थ्य और समाज सेवा का एक अनूठा कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान साल्वेशन फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक प्रतीक श्रीवास्तव ने ‘कंट्रीब्यूटी हेल्थ स्कीम’ की जानकारी लोगों को दी, जिसमें सैकड़ों नागरिकों ने भाग लेकर इस पहल का स्वागत किया।
इस अवसर पर डीएम जौनपुर डॉ. दिनेश चंद्र मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और उन्होंने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। स्वागत समारोह में प्रबंधन टीम के सदस्य रुचि श्रीवास्तव, डॉ. विवेक व डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, साधना सिंह और नितिन सिंह ने अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम शाम पांच बजे शुरू होकर रात 11 बजे तक चला, जिसमें शहर और पूर्वांचल के चिकित्सक एवं मीडिया के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
डीएम जौनपुर ने समारोह के दौरान 25 पूर्व सैनिकों को प्रतीक चिन्ह और शाल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, साल्वेशन फाउंडेशन की टीम ने मीडिया कर्मियों का भी सम्मान किया। डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि अब पूर्व सैनिक परिवारों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने संस्था से गरीब और जरूरतमंद मरीजों का इलाज मुफ्त में किए जाने की भी अपेक्षा जताई।
उन्होंने कहा, “मैंने यहां की सुविधाओं का निरीक्षण किया है, वाकई यह मेट्रो सिटी वाले अस्पतालों जैसी सुविधा प्रदान करता है। आमजन को बेहतरीन इलाज मिले, इस बात का हम पूरा ध्यान रखेंगे। यदि किसी भी अस्पताल में मरीजों के साथ भेदभाव या धोखाधड़ी हुई, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
साथ ही उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी साझा की और बताया कि जौनपुर में अब रोड जाम खत्म होंगे, रेलवे क्रॉसिंग और गोमती नदी पर फ्लाईओवर व पुल बनने से यात्राएं और सुगम होंगी। निर्माणाधीन रिंग रोड और फ्लाईओवर से जिले में यातायात और बेहतर होगा।