आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,
ʻʻडिलीवरी ऐप स्विगी की बड़ी लापरवाही ʼʼ
नेता जी ने पनीर रोल किया था ऑर्डर . डिलीवर हुआ चिकन रोल.
धार्मिक भावनाएं आहत,फोरम में शिकायत दर्ज.
शाकाहारी नेता जी को नवरात्र में खिला दिया चिकन.
जौनपुर। नवरात्रि के पावन दिनों में एक समाजवादी पार्टी नेता के साथ ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप स्विगी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नेता जी ने पनीर रोल ऑर्डर किया था लेकिन डिलीवर हुआ चिकन रोल। इस गलती से उनकी 23 साल की तपस्या और धार्मिक भावनाएं आहत हो गईं।
मामला शहर के हुसेनाबाद मोहल्ला, कलेक्ट्री कचहरी के पास का है। समाजवादी मजदूर सभा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अमित यादव ने बताया कि शुक्रवार को उनके बेटे ने पनीर रोल खाने की इच्छा जताई। उन्होंने स्विगी ऐप पर मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के पास स्थित तंदूरी दरबार रेस्टोरेंट से दो पनीर रोल का ऑर्डर किया।
कुछ देर बाद डिलीवरी बॉय ऑर्डर लेकर आया। बेटा तो रोल खाकर खुश हो गया, लेकिन जब डॉ. यादव ने खुद खाया तो उन्हें स्वाद कुछ अजीब लगा। संदेह होने पर जब रोल खोला गया तो उसमें पनीर नहीं बल्कि चिकन निकला।
उन्होंने तत्काल डिलीवरी बॉय को फोन कर शिकायत की, साथ ही स्विगी को ईमेल भी किया। लेकिन कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने ऑनलाइन उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज करा दी।
डॉ. यादव ने कहा – “मैंने 23 साल पहले माता जी के आदेश पर नॉनवेज खाना पूरी तरह छोड़ दिया था। लेकिन रेस्टोरेंट और स्विगी की इस लापरवाही से मेरी तपस्या भंग हो गई, वो भी नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर।”
उधर, रेस्टोरेंट मालिक ने इसे मानवीय भूल बताते हुए कहा कि डिलीवरी बॉय कई बार एक साथ कई ऑर्डर ले जाता है, जिससे सामानों में अदला-बदली हो जाती है।
इस तरह की घटना से बचने के लिए सभी शाकाहारी लोगों को ऑर्डर करते समय ध्यान रखना होगा कि जिस रेस्टोरेंट में नॉनवेज भी बनता हो वहां से कोई ऑर्डर न करें केवल वेज रेस्टोरेंट से ही ऑर्डर करें।