ब्यूरो,
लखनऊ। लखनऊ में पेट्रोलपंप दिलाने के नाम पर ₹50 लाख ऐंठे
जालसाजों ने इंडियन ऑयल की फर्जी वेबसाइट बनाई, जूम मीटिंग पर कराया सर्वे
लखनऊ में साइबर जालसाजों ने व्यवसायी की पत्नी से पेट्रोल पंप की डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर 50 लाख रुपए की ठगी कर ली।
व्यवसायी ने बिजनेस बढ़ाने के लिए इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप डीलरशिप के लिए वेबसाइट पर अप्लाई किया था।
उसके बाद साइबर जालसाजों ने कॉल करके उन्हें झांसे में लिया और रुपए ऐंठ लिए।
साकेतपुरी सरोजिनी नगर निवासी विजयश्री रावत ने बताया कि उन्होंने पेट्रोल पंप की डीलरशिप पाने के लिए http: //www.petrolpump-kuskdealerchayan.in वेबसाइट पर ऑनलाइन अप्लाई किया था।
अपने पति की ईमेल आईडी से 6 अगस्त को रजिस्ट्रेशन किया।
ट्रांजैक्शन फेल होने की वजह से फीस नहीं जमा हो सकी।
अगले दिन दोपहर करीब 1 बजे अनिकेश श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति का कॉल आया।
उसने खुद को सेल्स रिप्रेजेंटेटिव आईओसीएल बताया।
इसके बाद डीलरशिप के लिए किए गए रजिस्ट्रेशन के संबंध में बातचीत करने लगा।
वॉट्सऐप नंबर पर डीलरशिप से जुड़े पेपर मांगे।