ब्यूरो,

राहुल गांधी का पक्ष ले चुनाव आयोग पर बरसे शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोमवार को चुनाव आयोग को जमकर लताड़ लगाई। थरूर ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर आयोग से जवाब मांगा। साथ ही कहा कि हमें हमला नहीं चाहिए।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोमवार को चुनाव आयोग को जमकर लताड़ लगाई। थरूर ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर आयोग से जवाब मांगा। कांग्रेस सांसद ने कहा कि राहुल गांधी के सवालों का जवाब देने की जगह, चुनाव आयोग शपथपत्र जैसी फॉर्मेलिटीज कर रहा है। थरूर बिहार में मतदाता सूची के रिवीजन के विरोध और वोट चोरी के आरोपों के विरोध में विपक्षी सांसदों द्वारा निकाले गए मार्च में हिस्सा ले रहे थे। इस दौरान थरूर ने कहा कि हमें जवाब चाहिए, न कि हमले।
शशि थरूर ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से बेहद गंभीर सवाल पूछा है। इन गंभीर सवालों का जवाब भी गंभीरता से मिलना चाहिए। लेकिन जवाब देने की जगह चुनाव आयोग शपथपत्र जैसी चीजों पर जोर दे रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि बेहद ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि इसकी कोई जरूरत नहीं है। आयोग को इसके लिए दबाव बनाने की जरूरत नहीं है। थरूर ने आगे कहा कि दूसरी बात यह है कि कि जो आंकड़े राहुल गांधी दे रहे हैं, वह चुनाव आयोग के ही आंकड़े हैं। आयोग को अपने आंकड़ों पर गौर करना चाहिए।
शशि थरूर ने आगे भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग को किसी तरह की फॉर्मेलिटी में पड़ने के बजाए गंभीर शंकाओं को दूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों के दिमाग में चुनावी शुचिता को लेकर सवाल पैदा हो रहे हैं। चुनावी प्रक्रिया देश के लिए बेहद भरोसेमंद, जरूरी और महत्वपूर्ण है। यह इतनी मूल्यवान है कि इसे नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता।
बाद में कांग्रेस नेता ने इसको लेकर एक्स पर भी पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि आज इंडिया गठबंधन के सांसदों के प्रदर्शन में मौजूद हूं। हम सभी चुनाव आयोग से पूछ रहे हैं कि आखिर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए गंभीर सवालों का जवाब वह गंभीरता से क्यों नहीं दे रहा है। उन्होंने लिखा कि यह चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह लोगों के जेहन में उठने वाले किसी भी शक को दूर करे। देश सभी सवालों का जवाब पाने का अधिकारी है।