ब्यूरो,
चुनाव आयोग के खिलाफ दिए राहुल गांधी के बयान पर चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया —
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष को चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची में की गई गड़बड़ी को लेकर बड़े सबूत मिले हैं। इस पर जवाब देते हुए चुनाव आयोग ने कहा कि आयोग इस तरह के निराधार आरोपों को नजरअंदाज करेगा।
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर दिए गए अपने बयानों से बड़ा धमाका कर दिया है। राहुल गांधी ने संसद के बाहर कहा है कि चुनाव आयोग के खिलाफ उनके हाथ एटम बम लग गया है और जब यह फटेगा तो चुनाव आयोग कहीं नजर नहीं आएगी। राहुल गांधी के इस बयान पर अब चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया सामने आई है। चुनाव आयोग ने कहा है कि आयोग इस तरह के गैर जिम्मेदाराना बयानों को नजरअंदाज करेगी। वहीं आयोग ने अपने कर्मचारियों से इस तरह के निराधार आरोपों पर ध्यान ना देकर अपना काम ईमानदारी से करते रहने की नसीहत दी है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए चुनाव आयोग ने एक बयान में कहा, “चुनाव आयोग रोजाना लगाए जा रहे ऐसे बेबुनियाद आरोपों को नजरअंदाज करता है और इस तरह की धमकियों के बावजूद, सभी चुनाव अधिकारियों से निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से काम करते हुए ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयानों से प्रभावित ना होने की सलाह देता है।”
इससे पहले राहुल गांधी ने शुक्रवार को चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उनके पास चुनाव आयोग द्वारा वोट चोरी के पक्के सबूत हैं। राहुल गांधी ने कहा, “वोट चोरी हो रही है और अब हमारे पास इसके पुख्ता सबूत हैं कि इलेक्शन कमीशन वोट चोरी का हिस्सा है। और मैं यह यूं ही नहीं कह रहा हूं। मैं सौ फीसदी सबूत कर साथ कह रहा हूं।”
राहुल गांधी ने आगे कहा, “जब हम यह सबूत सामने लाएंगे, पूरे देश को पता लग जाएगा कि चुनाव आयोग भाजपा के लिए वोट चोरी करवा रहा है।” राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ ऐसा एटम बम मिला है जिसके सामने आते ही चुनाव आयोग नजर नहीं आएगी। उन्होंने कहा, “हमें मध्य प्रदेश में संदेह था। हमें लोकसभा चुनाव में भी शक था। महाराष्ट्र में यह शक और बढ़ गया। लिस्ट में एक करोड़ वोटर जोड़े गए। फिर हमने इसकी स्वतंत्र जांच करवाई। जो हमें मिला है वह एटम बम है। वह जब फटेगा तो आपको चुनाव आयोग दिखाई नहीं देगा।”
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के किसी अधिकारी का नाम लिए बिना बड़े आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि इस क्रम में जो भी हिस्सा है, सबको सजा मिलेगी। राहुल गांधी ने कहा, “सबसे जरूरी बात यह है कि चुनाव आयोग में ऊपर से नीचे तक जो भी इस काम में शामिल है, हम उसे छोड़ेंगे नहीं, क्योंकि यह हिन्दुस्तानियों के साथ धोखा है। आप जहां भी हों, चाहे आप रिटायर्ड ही क्यों न हों, हम आपको ढूंढ निकालेंगे।” बता दें कि कांग्रेस और देश के अन्य विपक्षी दल इन दिनों बिहार में चुनाव आयोग द्वारा शुरू किए किए विशेष गहन पुनरीक्षण SIR की प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं।