ब्यूरो,

राजस्थान के झालावाड़ में स्कूल की छत गिरी, 30 से ज्यादा बच्चे गंभीर, अब तक 5 की मौत, राहत कार्य जारी
राजस्थान के झालावाड़ जिले के मनोहरथाना ब्लॉक स्थित पीपलोदी सरकारी स्कूल में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जहां स्कूल की बिल्डिंग गिरने से 5 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई और 30 से ज्यादा बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद गांव वालों और स्कूल स्टाफ ने मिलकर मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला। सभी घायलों को मनोहरथाना अस्पताल ले जाया गया, जहां से 11 बच्चों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। राहत कार्य जारी है और मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई है।
शुक्रवार की सुबह स्कूल के बच्चे कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। इस दौरान स्कूल की जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मलबे में करीब 25 बच्चे दब गए। दबे बच्चों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकालने के लिए बुलडोजर के साथ ही स्थानीय लोगों का प्रयास भी जारी है। हादसा झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र के पीपलोद गांव में सामने आया। अभी तक की जांच में सामने आया कि स्कूल की छत काफी समय से जर्जर हो रही थी और लगातार हो रही भारी बारिश के बाद छत के गिरने का अंदेशा भी बना हुआ था। वही गंभीर घायल बच्चों को झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मलबा हटाने में रेस्क्यू टीम के साथ ग्रामीण भी पूरी तरह से लगे हुए हैं। यह स्कूल से पीपलोद गांव में बना हुआ था। जानकारी में यह भी सामने है कि मलबे में दबे सभी बच्चे 7वीं कक्षा के थे। जिस समय हादसा हुआ उसमें बच्चे अपने कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे।
हादसे में पायल (14) पुत्री लक्ष्मण, प्रियंका (14) पुत्री मांगीलाल, कार्तिक (8) पुत्र हरकचंद, हरीश (8) पुत्र बाबूलाल, मीना रेदास की जान गई है। एक बच्चे की पहचान नहीं हुई है। कुंदन (12) पुत्र वीरम, मिनी (13) पुत्र छोटूलाल, वीरम (8) पुत्र तेजमल, मिथुन (11) पुत्र मुकेश, आरती (9) पुत्री हरकचंद, विशाल (9) पुत्र जगदीश, अनुराधा (7) पिता लक्ष्मण राजू (10) पुत्र दीवान, शाहीना (8) पुत्र जगदीश को झालावाड़ रेफर किया गया है।
झालावाड़ स्कूल हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा,” झालावाड़ के पीपलोदी में विद्यालय की छत गिरने से हुआ दर्दनाक हादसा अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। घायल बच्चों के समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत दिव्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें”
इस हादसे पर राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि सब बच्चों का इलाज सरकारी खर्चे पर किया जाए और इस मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया जाएगा। दिलावर ने बताया कि जिलाधिकारी से बात हुई है और वो मौके पर पहुंच गए हैं। इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी से भी इस मामले पर बात हुई है।