ब्यूरो,

यूपी में गुरुवार रात जहां कौशांबी में ट्रिपल मर्डर हुआ वहीं औरैया में भी डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। दोनों ही घटनाएं जमीन विवाद को लेकर हुईं। औरैया में एक बेटे ने ही अपने मां-बाप की हत्या कर दी। हत्या केवल जमीन न मिलने के कारण की। दोनों को बेटे ने कुल्हाड़ी से काट दिया। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार आरोपी को भी तलाशने में जुटी है।
मामला औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र का है। गुरुवार रात 80 वर्षीय श्याम लाल और 75 वर्षीय जानकी अपने घर पर ही थे। रात में जब बुजुर्ग दंपति सोने गए तो प्रॉपर्टी में हिस्सा न मिलने से नाराज बेटे ने उनकी गला रेतकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार दंपति के बड़े बेटे ने कुल्हाड़ी से दोनों पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इसके पीछे जमीन विवाद ही बताया गया। श्याम लाल के तीन बेटे हैं। उनका बड़ा बेटा रमाकांत अच्छे काम नहीं करता है। उसके गलत कामों के कारण श्याम लाल ने अपनी जमीन का कोई भी हिस्सा न देकर अन्य दो बेटों में जमीन बांट दी।
अपने पिता के जमीन न देने पर रमाकांत नाराज था। इसको लेकर लंबे समय से बेटे और माता-पिता में झगड़ा चलता आ रहा था। रमाकांत को इसका कोई हल निकलता नहीं दिख रहा था। गुस्साए रमाकांत ने गुरुवार रात इसी के चलते माता-पिता की हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह आस-पास के लोगों को दोनों के खून में लिपटे दोनों के शव मिले। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। श्यामलाल के अन्य बेटे ने पुलिस को जमीन विवाद से जुड़ी जानकारी दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी रमाकांत को पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर दबिश शुरू कर दी गई है।