ब्यूरो,

एक नाबालिग लड़की को मॉडल बनाने का झांसा देकर ऑडिशन के नाम पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है. मामला कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित दीप होटल का है. पीडि़ता का आरोप है उसे कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर शराब पिलाई गई और इसके बाद उसके साथ अश्लील वीडियो बनाने की कोशिश की गई.
गनीमत रही कि लड़की वक्त रहते वहां से भाग निकली और मामले की सूचना पुलिस को दी. फिलहाल, पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपित युवकों से पूछताछ कर रही है. मिली जानकारी के मुताबिक, नाबालिग लड़की स्वरूप नगर की रहने वाली है. नाबालिग का सोशल मीडिया का जरिए आरोपितों से संपर्क हुआ. इस दौरान आरोपितों ने उसे मॉडल बनाने का झांसा दिया. आरोपितों ने नाबालिग से कहा कि गोविंद नगर के होटल दीप में उसका ऑडिशन है.
आरोपितों के झांसे में आई नाबालिग जब होटल पहुंची तो उसे कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर शराब पिला दी गई. लेकिन जब नाबालिग को आरोपितों के गलत नीयत की भनक लगी तो वह वहां से किसी तरह भाग निकली. होटल से भागी नाबालिग लड़की ने गोविंद नगर थाना पुलिस से संपर्क किया. गोविंद नगर थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के होटल पहुंचे और वहां मौजूद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस ने मामले की जानकारी लड़की के परिजनों को दी. बहरहाल, नाबालिग लड़की को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया है.