मध्यप्रदेश में कोरोना वैक्सीन को लेकर पति-पत्नी में तकरार, अदालत पहुंचा मामला

मध्यप्रदेश के भोपाल में पति-पत्नी के बीच अनूठा विवाद सामने आया है कि कोवैक्सीन लगवाएं या कोविशील्ड। पति ने कोवैक्सीन की दोनों डोज लगवा लीं लेकिन पत्नी ने उस वक्त टीका नहीं लगवाया। बाद में जब पत्नी तैयार हुई तो कोविशील्ड टीका ही उपलब्ध था।

भोपाल, राज्य ब्यूरो। मध्यप्रदेश केभोपाल में पति-पत्नी के बीच अनूठा विवाद सामने आया है कि कोवैक्सीन लगवाएं या कोविशील्ड। पति ने कोवैक्सीन की दोनों डोज लगवा लीं, लेकिन पत्नी ने उस वक्त टीका नहीं लगवाया। बाद में जब पत्नी तैयार हुई तो कोविशील्ड टीका ही उपलब्ध था। पति का कहना था कि पत्नी को वही टीका लगवाना चाहिए जो उसने लगवाया है। इसे लेकर दोनों में तनाव हो गया।

कुटुंब न्यायालय की परामर्शदाता ने कराई दंपती में सुलह

कुटुंब न्यायालय ने कराई दंपती में सुलह, पत्नी कोई भी टीका लगवाने के लिए तैयार

मामला कुटुंब न्यायालय पहुंचा तो परामर्शदाता बमुश्किल दंपती के बीच सुलह करा पाई। उन्होंने दंपती को समझाया कि कोवैक्सीन व कोविशील्ड में से कोई भी टीका लगवाया जा सकता है। अब पत्नी कोई भी टीका लगवाने के लिए तैयार है।

मामला कोलार क्षेत्र के 44 वर्षीय पति और 40 वर्षीय पत्नी का है। इनका पूरा परिवार चार माह पहले कोरोना पाजिटिव हो गया था। दंपती ने वैक्सीन के लिए स्लाट बुक किए। पति ने पहले टीका लगवाया। बाद में पत्नी तैयार हुई तो उन्हें कोविशील्ड लग रही थी। इस पर पति नाराज हो गया। उसका कहना था उसके साथ ही टीका लगवा लेतीं तो कोवैक्सीन टीका लग जाता।

पांच बार काउंसिलिंग के बाद दंपती के बीच हुई सुलह

दोनों के बीच विवाद हो गया। बातचीत भी बंद हो गई। इस पर पत्नी ने परामर्शदाता से संपर्क किया। उन्होंने समझाया कि दोनों ही टीके असरकारक हैं। लगातार पांच बार काउंसिलिंग के बाद दंपती के बीच सुलह हुई।

एक बुजुर्ग दंपती में वैक्सीन पर विवाद, पति ने दोनों डोज लगवा लिए, पत्नी लगवाने को तैयार नहीं

टीके से जुड़ा एक और मामला भोपाल के अवधपुरी क्षेत्र के बुजुर्ग दंपती का है। 70 वर्षीय पति ने परामर्शदाता से पत्नी को समझाने की गुहार लगाई। पति ने वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लिए हैं, लेकिन पत्नी लगवाने को तैयार नहीं। इस कारण वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पत्नी को काफी समझाया, लेकिन वह राजी नहीं हुई।

इस मामले में भी दंपती की कई बार काउंसिलिंग की गई। अब जाकर दोनों में सुलह हुई है। अब पत्नी टीका लगवाने के लिए तैयार है।

दोनों मामले में दंपती के बीच टीकाकरण से जुड़ी अफवाहों के चलते विवाद बढ़ा। हालांकि काउंसिलिंग कर उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित कर दिया गया है– शैल अवस्थी, काउंसलर, कुटुंब न्यायालय, भोपाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *