UP:प्रदेश में बलात्कार और हत्याओं के लगातार बढ़ रहे आपराधिक ग्राफ पर आक्रोश

राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश प्रवक्ता सुरेन्द्र नाथ त्रिवेदी

लखनऊ 16 अगस्त । राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश प्रवक्ता सुरेन्द्र नाथ त्रिवेदी ने प्रदेश में नाबालिग और मासूम बच्चियों के साथ बलात्कार और हत्याओं जैसे क्रूर अपराधों के
लगातार बढ़ रहे आपराधिक ग्राफ पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि सरकार इन जघन्य और अमानवीय अपराधों की अनदेखी कर रही है।यही कारण है कि ऐसे आपराधिक कृत्य करने वाले लोग निरंकुश होते जा रहे हैं और समाज में बच्चियों की सुरक्षा का भय व्याप्त होता जा रहा है। श्री त्रिवेदी ने कहा कि इसी सरकार ने “बेटी बचाओ बेटी पढा़ओ ” का नारा दिया था परन्तु यह नारा भी ” अच्छे दिन आने वाले हैं ” की तरह गुम हो गया ।उन्होंने कहा ऐसा प्रतीत होता है कि जिस प्रकारअच्छे दिनों का तात्पर्य जनता ने अपने लिए समझकर भूल की थी उसी प्रकार यह नारा भी समझ लिया।सम्पूर्ण प्रदेश स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में लगा था तो लखीमपुर के थाना ईसानगर क्षेत्र तथा गोरखपुर के गोला थाने के क्षेत्र में मासूम और नाबालिग बच्चियों के साथ दरिंदगी और हत्या जैसी घटनाएं हो रही थीं। यहाँ पर यह कहना अधिक प्रासंगिक होगा कि संस्कृत का श्लोक ” यत्र नार्यस्तु पूजयन्ते रमन्ते तत्र देवताम् ” स्पष्ट करता है कि यदि प्रदेश में देवताओं का वास चाहते हो तो नारियों की पूजा करनी होगी।यहाँ यह उल्लेखनीय है कि मन्दिर में ईश्वर के निवास से पहले नारियों की रक्षा और सुरक्षा सोचना भी सन्तों और महन्तों के लिए परम आवश्यक होगा। रालोद प्रवक्ता ने पत्रकार बन्धुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपराधियों से जोखिम मोल लेते हुए अपराधों को उजागर करते हैं अन्यथा सरकार ऐसे आँकड़ों को भी ” आल इज वेल “कहकर स्थानीय प्रशासन के सहारे छिपा लेती।उन्होंने प्रदेश की जनता का आवाहन करते हुए कहा कि उसे स्वयं पग पग पर सचेत रहना होगा और विश्वास करना होगा कि कानून ही रक्षा करेगा व्यवस्था से आशा करना भूल होगी ।सरकार के प्रतिनिधि ही यदि अपनी वाणी को मर्यादित कर लें तो अपराधों का ग्राफ नीचे आ जायेगा। सुरेन्द्र नाथ त्रिवेदी
प्रदेश प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *