ब्यूरो,
जौनपुर के विकास को गति: मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात, सड़क-सेतु के 3 बड़े प्रस्तावों पर मिला सकारात्मक आश्वासन
नई दिल्ली/जौनपुर। जनपद जौनपुर में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से औपचारिक भेंट की। इस दौरान मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने जौनपुर की यातायात व्यवस्था को सुधारने से जुड़ी तीन प्रमुख सड़क एवं सेतु परियोजनाओं के प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक में जौनपुर की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए निम्नलिखित तीन मुख्य परियोजनाओं पर चर्चा हुई:
NH-135A के शहरी हिस्से का सुधार: जौनपुर–अकबरपुर–अयोध्या मार्ग के शहरी लेफ्ट-आउट पोर्शन के ‘वन टाइम इम्प्रूवमेंट’ कार्य को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग रखी गई, ताकि शहर के भीतर लगने वाले जाम से आमजन को राहत मिल सके।
NH-128A का फोरलेन में चौड़ीकरण: NH-128A के लगभग 3.57 किलोमीटर हिस्से को दो लेन से बढ़ाकर चार लेन करने का प्रस्ताव दिया गया, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और आवागमन तेज होगा।
शास्त्री सेतु के समानांतर नए पुल का निर्माण: आजमगढ़–प्रयागराज मार्ग पर गोमती नदी के शास्त्री सेतु के समानांतर बन रहे नए पुल के कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराने का आग्रह किया गया।
मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने जौनपुर के विकास से जुड़े मुद्दों को संवेदनशीलता से सुनने और त्वरित समाधान का आश्वासन देने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पूरे जनपद के विकास और अंतर्राज्यीय कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी।