जफराबाद में वाटर फ्रीजर-आरओ स्थापना में भ्रष्टाचार के आरोप, सीआरओ ने की मौके पर जांच

Alok Verma, Jaunpur Bueauro,

जफराबाद में वाटर फ्रीजर-आरओ स्थापना में भ्रष्टाचार के आरोप, सीआरओ ने की मौके पर जांच

जौनपुर। नगर पंचायत जफराबाद में सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए वाटर फ्रीजर एवं आरओ स्थापना कार्य में कथित भ्रष्टाचार और सरकारी धन के गबन के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। शनिवार को मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) अजय कुमार अम्बष्ट ने जफराबाद पहुंचकर सातों स्थलों का निरीक्षण किया और कार्यों की जांच-पड़ताल की।

शेखवाड़ा निवासी शाह दाउद अहमद ने 17 जून को मुख्यमंत्री से शिकायत कर नगर पंचायत जफराबाद में वाटर फ्रीजर, आरओ एवं सुरक्षा केबिन शेड की स्थापना में भारी अनियमितता का आरोप लगाया था। शिकायत में चेयरमैन, अधिशासी अधिकारी (ईओ) और अवर अभियंता (जेई) के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत के अनुसार शेखवाड़ा हाजी बाबा मैदान, मखदूमपुर मंदिर के पास, शेखवाड़ा में रामजी चौरसिया के घर के पास, नासही में यूनियन बैंक के निकट, सैयदअलीपुर मस्जिद के पास समेत सात सार्वजनिक स्थानों पर वाटर फ्रीजर, आरओ और सुरक्षा केबिन शेड लगाने के लिए कुल 33.25 लाख रुपये (प्रति यूनिट 4.75 लाख रुपये) का बजट स्वीकृत हुआ था।

आरोप है कि निर्धारित मानकों के विपरीत घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जबकि चार गुना तक अधिक दरों के बिल लगाकर ठेकेदार को रनिंग भुगतान कर दिया गया। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि योजना में शामिल सुरक्षा केबिन शेड अधिकांश स्थानों पर नहीं लगाए गए हैं।

शनिवार को सीआरओ अजय कुमार अम्बष्ट ने सभी स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों का सत्यापन किया। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने मौके पर कार्यों को स्वीकृत एस्टीमेट के अनुरूप न पाए जाने पर आवश्यक जांच की। शिकायतकर्ता ने ठेकेदार का अंतिम भुगतान रोकने तथा मामले में दोषी पाए जाने वाले चेयरमैन, ईओ, जेई और अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *