आलोक वर्मा जौनपुर ब्यूरो,

रेलवे के आश्वासन पर जज सिंह अन्ना का अनशन समाप्त, बंद गेट खुलवाया गया
आलोक वर्मा जौनपुर
जफराबाद, जौनपुर। स्थानीय रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या-4 पर बंद किए गए छोटे गेट को खोलने और भविष्य में स्थायी प्रवेश द्वार बनाए जाने के आश्वासन के बाद समाजसेवी जज सिंह अन्ना ने गुरुवार को अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया।
बताया जाता है कि प्लेटफार्म संख्या-4 की ओर स्थित छोटा गेट बंद होने से यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के लिए लगभग दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था। शहर की ओर से आने-जाने वाले अधिकांश यात्रियों को इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी मांग को लेकर जज सिंह अन्ना ने बुधवार से आमरण अनशन शुरू किया था।
अनशन की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। गुरुवार को लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (सीनियर इंजीनियर) सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और प्लेटफार्म संख्या-4 पर बंद किए गए छोटे गेट को खुलवाया। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में कार्य विस्तार के दौरान यहां स्थायी गेट का निर्माण कराया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के आश्वासन के बाद सुनील कुमार ने जूस पिलाकर जज सिंह अन्ना का अनशन समाप्त कराया। इस दौरान आरपीएफ के उपनिरीक्षक अजय कुमार, चौकी प्रभारी प्रभुनारायण सिंह, सुमित कुमार, राधेश्याम सिंह, अमूल्य सिंह, विवेकानंद यादव, मनोज मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।