आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,
वर्ल्डकप जीतने के बाद ट्रेन के थर्ड AC से घर गए शिवम दूबे
कोई नहीं पहचान सका, पत्नी भी साथ में थीं
T20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खत्म हुआ था, और फाइनल को देखते हुए अहमदाबाद से मुंबई जाने के लिए सभी फ्लाइट बुक थीं. रोड से जाने में बहुत समय लगता, इसलिए इस लेफ्ट हैंड बल्लेबाज ने ट्रेन का रास्ता चुना. बीच में टीसी भी आया, फिर सबके सामने कैसे पहचान छिपाई, अब सब बताया है.
कोच में चढ़ते ही वो ऊपर की बर्थ पर चढ़ गए
T20 World Cup 2026 का फाइनल मैच. भारत की बैटिंग के दौरान आखिरी ओवर में स्टेडियम में लाखों फैन्स ‘दुबे, दुबे’ के नारे लगा रहे थे. क्योंकि शिवम दुबे क्रीज पर थे. दुबे ने क्राउड को निराश भी नहीं किया. आखिरी ओवर में 3 चौके और 2 छक्के लगाए. और भारत को 250 के पार पहुंचाया. टीम के ऑलराउंडर शिवम दुबे ने मैच के बाद भी लोगों को अपने एक फैसले से चौंका दिया है. जब सभी प्लेयर्स फ्लाइट पकड़ कर अपने-अपने घर पहुंचे, तो दुबे ने ट्रेन के थर्ड AC कोच से जाने का फैसला किया.
बच्चों के लिए जाना था घर
टूर्नामेंट में कमाल की बैटिंग करने वाले शिवम दुबे ने मैदान के बाहर भी कमाल का फैसला लिया. फाइनल के बाद टीम का जश्न चला. लेकिन शिवम का मन अपने परिवार के साथ था. उनका चार साल का बेटा अयान और दो साल की बेटी मेहविश मुंबई में घर पर इंतजार कर रहे थे.
मैच खत्म हुआ था, और फाइनल को देखते हुए अहमदाबाद से मुंबई जाने के लिए सभी फ्लाइट बुक थीं. रोड से जाने में बहुत समय लगता, इसलिए शिवम ने ट्रेन लेने का फैसला किया. वो, उनकी पत्नी और एक दोस्त अहमदाबाद-मुंबई सयाजी एक्सप्रेस ट्रेन से मुंबई के लिए निकल पड़े.
शिवम ने बताया कि उन्हें डर था कि लोग उन्हें पहचान लेंगे और भीड़ लग जाएगी. इसलिए उन्होंने एक प्लान बनाया. कैप, मास्क और फुल स्लीव टी-शर्ट पहनी. स्टेशन पर ज्यादा लोग न हों, इसीलिए ट्रेन के डिपार्चर से 5 मिनट पहले तक बाहर कार में इंतजार किया. जैसे ही ट्रेन के निकलने का टाइम आया, वो जल्दी से ट्रेन में चढ़ गए.