ब्यूरो,
सरकारी स्कूल के एक शिक्षक ने ट्रेन के आगे कूद कर दी जान
आशियाना इलाके में सरकारी स्कूल के एक शिक्षक ने रविवार की सुबह ट्रेन के आगे कूद कर जान गवां दी। शिक्षक काफी समय से अवसाद ग्रस्त थे। वह मोहनलालगंज के रंजीत खेड़ा गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र के मानसरोवर योजना सेक्टर-ओ निवासी हेड मास्टर विभु शेखर द्विवेदी (54) पत्नी शालिनी और बेटे सुहास के साथ रहते थे। पत्नी मोहनलालगंज के कनकहा प्राथमिक विद्यालय में बतौर शिक्षिका तैनात हैं। विभु शेखर काफी दिनों से किसी बात को लेकर परेशान चल रहे थे और वह अवसाद में थे।
उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह नाश्ता करने के बाद विभु शेखर बाइक लेकर घर से निकले थे। उन्होंने रतनखंड स्थित पावर हाउस के पास कुछ खरीदारी करने की बात कही थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि हेड मास्टर विभु शेखर रजनीखंड स्थित रेलवे लाइन पहुंचे। जहां उन्होंने अपनी बाइक खड़ी कर उसी पर हेलमेट रख दिया और फिर ट्रेन के आगे कूद कर जान गवां दी। घटना से वहां अफरा तफरी मच गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
आशियाना पुलिस को तलाशी में मिले मोबाइल के जरिए उनकी पत्नी को घटना से अवगत कराया गया। इंस्पेक्टर ने बताया हेड मास्टर की पत्नी शालिनी विभु के अवसाद में रहने का कारण नहीं बता सकीं। उन्होंने किसी पर कोई आरोप भी नहीं लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। यदि कोई तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।