ब्यूरो,
बुलंदशहर में खून से रंगी कचहरी! फुफेरी बहन से कोर्ट मैरिज करने पहुंचे हिस्ट्रीशीटर नईफ अंसारी की सरेआम गला रेतकर हत्या
बुलंदशहर। मंगलवार दोपहर कचहरी गेट के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब गैंगस्टर एक्ट में नामजद हिस्ट्रीशीटर नईफ अंसारी (24) की सरेआम हत्या कर दी गई। नईफ अपनी फुफेरी बहन से कोर्ट मैरिज करने आया था और दोनों फोटो खिंचवाने स्टूडियो पहुंचे थे। तभी एक महिला समेत तीन हमलावर चाकू लेकर अंदर घुसे और नईफ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के दौरान सीने पर हुए कई वार से गहरे घावों से नईफ खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। आरोपितों नै गला रेतकर घटना को अंजाम देकर बाइक से फरार हो गए।
घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। नईफ पर पहले से ही छह मुकदमे दर्ज थे और वह हिस्ट्रीशीटर के रूप में पुलिस रिकॉर्ड में कुख्यात था। बताया जा रहा है कि मृतक की मां के दूसरे निकाह के बाद उसका अपनी फुफेरी बहन से प्रेम संबंध शुरू हुआ, लेकिन परिवारजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। कुछ दिन पहले ही दोनों घर से भाग गए थे और मंगलवार को कोर्ट मैरिज करने पहुंचे थे। मृतक की मां ने युवती के स्वजन पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।