ब्यूरो,
पटना में कांग्रेस कार्यालय पर पथराव और मारपीट, बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने
पटना । राजधानी पटना शुक्रवार को राजनीतिक हिंसा का गवाह बनी। कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम के बाहर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार झड़प हुई। देखते-ही-देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि दोनों ओर से पत्थरबाजी, लाठीचार्ज और मारपीट शुरू हो गई। कई कार्यकर्ता घायल हुए और मौके पर खड़ी गाड़ियाँ भी क्षतिग्रस्त हो गईं। कई कार्यकर्ताओं के सिर फट गए, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए बीच-बचाव करना पड़ा।
यह पूरा घटनाक्रम दरभंगा की एक घटना से जुड़ा हुआ है। दरअसल, कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कथित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ अपशब्द बोले गए थे। इसी के बाद आज यह घटना हुई।
*बीजेपी का पक्ष: पार्टी नेताओं का कहना है कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन अचानक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। *कांग्रेस का पक्ष: कांग्रेस नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता जबरन उनके दफ़्तर के भीतर घुस आए और कार्यालय पर हमला किया।