ब्यूरो,

दिल्ली से हरदोई आ रही महिला की चलती बस में ही मौत
दिल्ली से हरदोई आ रही महिला की चलती बस में ही मौत हो गई है। वह पति से कलह के बाद मां के साथ वापस आ रही थी। बस में ही पति का कॉल आया था। कॉल पर पति की जगह उसकी सौतन की आवाज आई। उसने कहा कि तुम्हारी सौत बोल रही हूं। यह सुनते ही महिला मां की गोद में गिरी और उसकी मौत हो गई।
पति के फोन से आई सौतन की कॉल सुनते ही महिला फूट-फूट कर रोई और बगल में बैठी मां की गोद में गिरकर हमेशा के लिए सो गई। पति से कलह के बाद से वह मां-भाई के साथ दिल्ली में रह रही थी और कॉल आने के वक्त बस में सवार थी। रोती बिलखती मां ने उसका शव किसी तरह बस से उतारा और गांव पहुंचाया। परिवार बिलख रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला यूपी के हरदोई जिले का है।
हरदोई के अतरौली निवासी गुड्डी ने बताया कि ढाई साल पहले उसने बेटी रीता की शादी मछरेहटा सीतापुर के एक गांव में की थी। एक साल बाद रीता को टीबी होने की जानकारी हुई। पति उसे मायके में छोड़ गया। इलाज के बाद बेटी ठीक हो गई। तब समझौते के बाद उसे विदा करा ले गया। रीता के पिता की इसी साल 24 मई को मौत हो गई थी, तब वह मायके आई थी। गुड्डी के मुताबिक, रीता और उसके पति में फिर विवाद हो गया। पति फिर उसे मायके छोड़ गया। रीता अपनी मां और भाई संग दिल्ली चली गई थी।
मां गुड्डी के मुताबिक मंगलवार को रीता के फोन पर पति के नंबर से कॉल आई। उस वक्त वह बेटी के साथ बस में थीं और दिल्ली से गांव लौट रही थीं। गांव पांच-छह किमी दूर रह गया था। बेटी ने कॉल रिसीव की और उधर से कुछ बोला गया, जिसे सुनते ही वह फूट-फूट कर रोने लगी। कॉल कट गई। मैंने बेटी से वजह पूछी तो उसने रोते हुए बताया कि पति के फोन से एक महिला ने कॉल की है। कहा, तुम्हारी सौतन बोल रही हूं। अब कभी ससुराल मत आना।
मां ने कहा कि यह बताते-बताते बेटी को एक हिचकी आई और उसने दम तोड़ दिया। बस तब तक ढ़िकुन्नी के पास पहुंच चुकी थी। मां ने रोते-रोते गांव-घर को सूचना दी। बस से शव उतार कर गांव लाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि महिला बीमार चल रही थी। मृतका के भाई रोहित की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।