ब्यूरो,

प्रसिद्ध लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी का नया गीत ‘जन्मे हैं कृष्ण कन्हाई’ जन्माष्टमी के मौके पर रिलीज
प्रसिद्ध लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी का नया गीत ‘जन्मे हैं कृष्ण कन्हाई’ जन्माष्टमी के मौके पर उनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया। इस गीत में उन्होंने अपनी आवाज देने के साथ ही खुद इसकी कंपोजिंग भी की है।
प्रसिद्ध लोकगायिका पदमश्री मालिनी अवस्थी का जन्मे हैं कृष्ण कन्हाई…गाना जन्माष्टमी के मौके पर यूट्यूब पर रिलीज किया गया। मालिनी अवस्थी ने खुद के चैनल पर इस गाने को रिलीज किया। साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा, “भगवान श्री कृष्ण का अवतरण भारतीय समाज भारतीय संस्कृति में सर्वाधिक आनंद का उत्सव माना जाता है। जिस दिव्यता से कान्हा का जन्म होता है जन्म कहीं और और पालन कहीं और! वासुदेव देवकी के पुत्र का पालन घर से दूर गोकुल में नंद बाबा और यशोदा मां करते हैं। उनके जन्म पर पूरा ब्रजमंडल पूरी धरती उत्सव मनाने लगती है क्योंकि वे जानते हैं कि अधर्म का नाश करने के लिए नारायण लीला रचने स्वयं पधारे हैं। इस जन्माष्टमी पर सुनिए यह बधाई गीत, मेरा भक्त प्रयास।”
इस गाने में आवाज देने के साथ ही मालिनी अवस्थी ने इसे कंपोज भी किया है। जबकि संगीत संयोजन सचिन कुमार, साउंड मिक्सिंग सागर शर्मा और वीडियो इन्नी सिंह ने किया है। पांच घंटे के भीतर इस गाने को अब तक 1900 से अधिक लोग सुन चुके हैं। साथ ही जन्माष्टमी के मौके पर रिलीज इस गाने को सोशल मीडिया पर धीरे-धीरे ट्रेंड कर रहा है। लोग कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।