ब्यूरो,

राजीव प्रताप रूडी ने संजीव बालियान को हराकर कंस्टीट्यूशनल क्लब का चुनाव जीता
दिल्ली. कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के चुनाव में सचिव पद पर मुकाबला भाजपा बनाम भाजपा को था। 25 सालों से इस पद पर काबिज राजीव प्रताप रूडी को जीत मिली है, जबकि भाजपा के ही पूर्व सांसद संजीव बालियान पिछड़ गए। 100 वोटों से रूडी को जीत मिली है, जो बड़ा अंतर है। इसके पीछे माना जा रहा है कि राजीव प्रताप रूडी को विपक्ष के सांसदों ने भी बड़ी संख्या में वोट डाला। विपक्ष की तरफ से सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे जैसे नेताओं ने वोट दिया तो वहीं सत्ता पक्ष से अमित शाह भी मतदान के लिए पहुंचे। इस बार कुल 1295 मौजूदा और पूर्व सांसदों ने वोट डाला। ऐसा पहली बार था, जो इतनी बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए सांसद और पूर्व सांसद पहुंचे।
इससे पहले राजीव प्रताप रूडी निर्विरोध ही जीत हासिल करते रहे हैं। राजीव प्रताप रूडी ने जीत के बाद खुशी जताई और कहा कि यह ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि मेरा पैनल जीत गया है, जिसमें अलग-अलग दलों के सांसद शामिल हैं। रूडी ने कहा, ‘यह अच्छी जीत है। सांसदों ने पार्टी लाइन से ऊपर उठकर हमारे पैनल को कामकाज के आधार पर जिताया है।’ भाजपा के ही एक सांसद निशिकांत दुबे का कहना था कि इस बार कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के चुनाव में सत्ता परिवर्तन होगा और संजीव बालियान को जीत मिलेगी। वह मजबूती से बालियान का प्रचार कर रहे थे।
माना जा रहा है कि निशिकांत दुबे जैसे सांसदों के बालियान के समर्थन में मुखर होने के चलते भाजपा का बड़ा वोट उन्हें मिला। लेकिन विपक्षी सांसदों की एकजुटता राजीव प्रताप रूडी के फेवर में चली गई। इसके कारण वह बड़े अंतर से जीत हासिल कर सके। पांचवीं बार के लोकसभा सांसद राजीव प्रताप रूडी लंबे समय से कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के सचिव हैं। इस बार उनका मुकाबला संजीव बालियान से था, जिसके चलते भाजपा बनाम भाजपा की स्थिति बन गई थी और यह चुनाव काफी चर्चा में रहा।
वोट डालने वाले लोगों में अमित शाह, जेपी नड्डा के अलावा पीयूष गोयल और किरेन रिजिजू जैसे मंत्री भी थे। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के गवर्नर शिव प्रताप शुक्ला ने भी मतदान किया। माना जा रहा है कि भाजपा में एक खेमे ने संजीव बालियन को वोट दिया। इसके अलावा भाजपा के एक गुट और फिर पूरे विपक्ष का मतदान राजीव प्रताप रूडी के पक्ष में रहा। इस चुनाव में कास्ट ऐंगल भी लोगों ने जोड़ लिया। संजीव बालियान पश्चिम यूपी के रहने वाले हैं और जाट बिरादरी हैं। इसके अलावा राजीव प्रताप रूडी पेशे से पायलट रहे हैं और ठाकुर हैं।