ब्यूरो,

नया उपराष्ट्रपति चुनने की प्रक्रिया शुरू, जल्द आएगी इलेक्शन की तारीख
आयोग का कहना है कि गृह मंत्रालय से जानकारी मिली है कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा दे दिया है। अब इस पद पर चुनाव के लिए हमारी ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्दी ही चुनाव की तारीख भी घोषित कर दी जाएगी।
चुनाव आयोग ने देश का नया उपराष्ट्रपति चुनने के लिए इलेक्शन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की ओर से इस संबंध में प्रेस नोट जारी किया गया है। आयोग का कहना है कि गृह मंत्रालय से जानकारी मिली है कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा दे दिया है। अब इस पद पर चुनाव के लिए हमारी ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्दी ही चुनाव की तारीख भी घोषित कर दी जाएगी। होम मिनिस्ट्री की ओर से 22 जुलाई यानी मंगलवार को ही उपराष्ट्रपति पद रिक्त होने का नोटिफिकेशन जारी किया गया था।
चुनाव आयोग ने लिखा, ‘आर्टिकल 324 के तहत उपराष्ट्रपति के निर्वाचन का कार्य चुनाव आयोग करता है। इसका निर्देशन राष्ट्रपति की ओर से किया जाता है। चुनाव आयोग ने अब उपराष्ट्रपति के इलेक्शन की तैयारी शुरू कर दी है। अभी इसकी तैयारी चल रही है और उसे पूरा करने के बाद जल्दी ही इलेक्शन की डेट का ऐलान किया जाएगा।’ आयोग ने कहा कि इलेक्शन की तारीख का ऐलान करने से पहले हम कुछ चीजों पर काम कर रहे हैं। इनमें से एक है- इलेक्टोरल कॉलेज तैयार करना।
इसके तहत लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को मिलाकर एक वोटर लिस्ट तैयार की जाएगी। उपराष्ट्रपति चुनाव में राज्यसभा के नामित सदस्यों को भी वोटिंग का अधिकार होता है। आयोग का कहना है कि चुनाव से पहले रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर पर फैसला लिया जाएगा। इसके अलावा पूर्व में हुए उपराष्ट्रपति चुनावों से जुड़ी सामग्री भी तैयार की जानी है और उसका वितरण कराया जाएगा। बता दें कि नए उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए के उम्मीदवार को लेकर भी कयास लग रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा राज्यसभा के मौजूदा डिप्टी चेयरमैन हरिवंश को लेकर है। फिलहाल राज्यसभा और लोकसभा के सदस्यों की कुल संख्या 786 है और एनडीए के पास 422 सांसद हैं। हालांकि विपक्ष यदि उम्मीदवार ही ना उतारे तो बिना इलेक्शन के ही नया उपराष्ट्रपति चुना जा सकता है।