
एक ओर जहां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर और भारत सरकार के बीच तनातनी है वहीं एक अन्य देश नाइजीरिया को भी अब ट्विटर से दिक्कत होने लगी है। शुक्रवार को नाइजीरिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर को अपने यहां सस्पेंड कर दिया। नाइजीरिया ने कहा है कि प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नाइजीरिया के कॉर्पोरेट अस्तित्व को कम करने में सक्षम गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। सूचना मंत्रालय ने कहा कि संघीय सरकार ने अनिश्चितकाल के लिए ट्विटर को सस्पेंड कर दिया है।
राष्ट्रपति के अकाउंट से हटाया था ट्वीट
बता दें कि ट्विटर ने दो दिन पहले ही नियमों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मदू बुहारी के आधिकारिक अकाउंट के एक ट्वीट को डिलीट कर दिया था। हालांकि, शुक्रवार को बयान जारी करने के तुरंत बाद भी ट्विटर नाइजीरिया में भी काम कर रहा था। इसके बारे में पूछे जाने पर मंत्रालय के विशेष सहायक सेगुन अडेमी ने एएफपी को बताया, “मैं तकनीकी सवालों का जवाब नहीं दे सकता … संचालन अनिश्चितकाल के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।”
बुहारी ने किया था विवादित ट्वीट
गौरतलब है कि बुहारी ने सिविल वार को लेकर एक विवादित ट्वीट किया था। इसमें वहां के दक्षिण-पूर्व में हुई हिंसा का जिक्र किया गया था। ट्वीट में वहां के अलगाववादियों पर पुलिस व चुनाव अधिकारियों पर हमला करने का आरोप लगाया गया था। ट्विटर ने इसको नियमों के खिलाफ माना था और बाद में इसे हटा दिया था।
अनवैरिफाई किया था भारतीय उपराष्ट्रपति का अकाउंट
इधर, आज ही भारत में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के निजी ट्विटर हैंडल से प्लेटफॉर्म द्वारा वैरिफाइड ब्लू टिक वापस लिए जाने से हल्ला मचा हुआ था। हालांकि थोड़ी देर बाद ही ट्विटर ने उनके अकाउंट को फिर से वैरिफाई कर दिया।