कर्नाटक: येदियुरप्पा सरकार में मंत्री सीटी रवि ने दिया अपने पद से इस्तीफा

कर्नाटक की येदियुरप्पा सरकार में संस्कृति और पर्यटन मंत्री सीटी रवि ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। रवि सोमवार को दिल्ली का दौरा करेंगे और संगठन के कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे।

आपको बता दें कि जेपी नड्डा ने इस साल जनवरी में विधिवत रूप से पार्टी की कमान संभाली थी और अब सितंबर के आखिर में जाकर उन्होंने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा की है।

पार्टी संविधान के अनुसार केंद्रीय संगठन में राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा 39 पदाधिकारी 13 उपाध्यक्ष, 10 महासचिव, 15 सचिव और एक कोषाध्यक्ष बनाया जाता है। नड्डा की टीम में अभी 12 उपाध्यक्ष, नौ महासचिव और 13 सचिव बनाए गए हैं। इस लिहाज से एक उपाध्यक्ष, एक महासचिव और दो सचिवों के पद रिक्त हैं। महिला मोर्चा के अध्यक्ष की घोषणा होना भी अभी बाकी है।

नड्डा को अभी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन भी करना है। इसमें कम से कम 25 फीसद बदलाव करने होते हैं। राष्ट्रीय पदाधिकारियों में जिस तरह लगभग 70 फीसद बदलाव किए गए हैं उसे देखते हुए कार्यकारिणी में भी बड़ी संख्या में बदलाव होने की संभावना है। इसके अलावा केंद्रीय संसदीय बोर्ड, केंद्रीय चुनाव समिति की घोषणा भी की जानी है।

पार्टी संविधान के अनुसार संगठन में केंद्रीय पदाधिकारियों में एक तिहाई पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाते हैं ऐसे में कम से कम 4 और महिला पदाधिकारियों को शामिल किया जाना होगा। हालांकि पार्टी में लंबे समय से न तो पूरे पदाधिकारी बनाए गए हैं और न ही महिलाओं की पूरी संख्या रखी गई है। पिछली बार 2013 में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने अपनी टीम में सभी 40 पदाधिकारी (अध्यक्ष समेत) की घोषणा की थी और उसमें एक तिहाई यानी 13 महिलाओं को भी जगह दी गई थी। जिनमें पांच उपाध्यक्ष और आठ सचिव बनाई गई थी।

भाजपा अध्यक्ष ने जो पद रिक्त रखे हैं वह निकट भविष्य में भरे जाएंगे। माना जा रहा है कि बिहार चुनाव के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को देखते हुए यह रिक्तियं रखी गए हैं, क्योंकि उस समय कुछ नेताओं के सत्ता और संगठन में आने जाने के क्रम में संगठन में भी कुछ नेताओं को जगह दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *